Sharad Yadav Passed Away: भारतीय राजनीति को बड़ा अघात, नहीं रहे प्रखर समाजवादी नेता शरद यादव, कल होगा अंतिम संस्कार

sharad yadav
शरद यादव का निधन।


Sharad Yadav Passed Away: भारतीय राजनीति को एक बड़ा अघात पहुंचा है। दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव (Sharad Yadav) का 75 साल की उम्र में गुरुवार (12 जनवरी) को निधन हो गया है। उनकी बेटी सुभाषिनी यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'पापा नहीं रहे।' शरद यादव चार बार बिहार के मधेपुरा सीट से सांसद रहे हैं। वे जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष के साथ केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं।


कल पैतृक गांव बंदाई में होगा अंतिम संस्कार

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का अंतिम संस्कार 14 जनवरी को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद स्थित उनके पैतृक गांव बंदाई में किया जाएगा। आज यानी 13 जनवरी को उनके पार्थिव शरीर को सुबह 10 बजे से अंतिम दर्शन के लिए उनके दिल्ली स्थित आवास 5 A वेस्टेंड, छतरपुर फार्म, नई दिल्ली में रखा जाएगा। शरद यादव की बेटी और उनके दामाद ने इस संबंध में जानकारी दी है।


नेताओं ने जताया दुख

आरजेडी के नेता शरद यादव के निधन पर पीएम मोदी (PM Modi), बिहार के सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar), कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi), आरजेडी के अध्यक्ष लालू यादव (Lalu Yadav) समेत कई दिग्गजों ने दुख जताया है और राजनीतिक जगत के लिए बड़ी क्षति बताया है।


शरद यादव के सहयोगियों ने बताया कि वह गुरुवार की रात अपने छतरपुर आवास पर बेहोश हो गए और उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। यादव लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और नियमित रूप से ‘डायलिसिस’ करवाते थे।


फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक बयान में कहा कि शरद यादव को अचेत अवस्था में आपातकालीन वार्ड में लाया गया था। जांच करने पर उनकी कोई पल्स या रिकॉर्डेबल ब्लड प्रेशर नहीं था। एसीएलएस प्रोटोकॉल के तहत उनका सीपीआर किया गया। सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं किया जा सका और रात 10 बजकर 19 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हम उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहते हैं। 


पीएम मोदी ने कहा उनके साथ हुई बातचीत हमेशा संभाल कर रखूंगा

पीएम मोदी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि, "श्री शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा उनके साथ हुई बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं, ओम् शांति।"


शरद यादव ने नीतीश कुमार की जेडीयू से साल 2016 में नाता तोड़ने के बाद अपनी पार्टी का गठन किया था। इसके बाद इस पार्टी का उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल में विलय कर दिया। उनकी बेटी सुभाषिनी कांग्रेस में हैं।


राहुल गांधी उनके घर श्रद्धांजली देने पहुँचे

शरद के निधन की ख़बर सुनते ही कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बीच उनके घर उन्हें श्रद्धांजली देने पहुँचे। राहुल गांधी ने उनकी बेटी का ढाढ़स बँधाया और शोक व्यक्त किया।

शरद यादव एक प्रखर समाजवादी नेता थे-नीतिश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ''पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन दुःखद। शरद यादव जी से मेरा बहुत गहरा संबंध था। मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।''


लालू यादव ने जताया शोक

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने वीडियो ट्वीट कर कहा कि बहुत बेबस महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा, ''अभी सिंगापुर में रात्रि में के समय शरद भाई के जाने का दुखद समाचार मिला। बहुत बेबस महसूस कर रहा हूं। आने से पहले मुलाक़ात हुई थी और कितना कुछ हमने सोचा था समाजवादी व सामाजिक न्याय की धारा के संदर्भ में। शरद भाई।।।ऐसे अलविदा नही कहना था। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!''


Next Post Previous Post

विज्ञापन