बाढड़ा हल्के में सालों से अटकी माँग को नैना चौटाला ने कर दिया हल, अब होगा ये बड़ा काम



चंडीगढ़/चरखी दादरी :  लंबे समय से आवश्यक खेल सुविधाओं की बाट जौ रहे दादरी जिले के खिलाड़ियों का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला हैं। जिले के गांव समसपुर में निर्माणाधीन जिला स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण अगस्त 2023 तक पूरा करवा दिया जाएगा। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक नैना सिंह चौटाला के सवाल के जवाब में कही। 


मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा दिए गए जवाब के अनुसार खेल स्टेडियम के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही स्टेडियम का निर्माण कार्य दोबारा से युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा और अगस्त 2023 के बाद जिले के युवाओं को बेहतर और आधुनिक खेल सुविधाएँ मिलनी प्रारंभ हो जाएंगी।


दादरी में कृषि विभाग के जिलास्तरीय कार्यालय का निर्माण वित्त वर्ष 2023-24 में होगा शुरू 


सोमवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक नैना सिंह चौटाला ने बाढड़ा हल्के में पांच क्रम चौड़ाई की विभिन्न कच्चे रास्तों को पक्का करने व क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग को सदन में रखा। विधायक नैना चौटाला के सवाल के जवाब में प्रदेश के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने बताया कि बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 5 क्रम की चौड़ाई वाले 22.79 कि.मी लम्बाई के 9 रास्ते कच्चे हैं। इसके अलावा 24.91 किमी लम्बें 8 सड़कें भी क्षतिग्रस्त स्थिति में है। 


विधायक नैना चौटाला द्वारा उठाई गई मांग पर कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया वर्ष 2023 के अंत तक 47.77 किलोमीटर लम्बाई के सभी 17 सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। विधायक नैना सिंह चौटाला ने बताया कि पांच क्रम चौड़ाई की इन ग्रामीण सड़कों के निर्माण हो जाने से हल्का क्षेत्रवासियों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिले के किसानों की समस्याओं को विधानसभा सत्र में रखते हुए विधायक नैना चौटाला ने दादरी में कृषि विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय का निर्माण करने तथा बाढड़ा में उपमंडल कार्यालय के निर्माण करने की मांग उठाई।


नैना चौटाला के द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कृषि मंत्री जयप्रकाश लाल ने बताया कि इसी वित्त वर्ष 2023-24 में दादरी में कृषि विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा, वहीं बाढड़ा में उपमंडल कृषि कार्यालय निर्माण के लिए विभाग द्वारा जमीन की तलाश की जा रही है। उपयुक्त जमीन का चयन होते ही बाढड़ा में भी खंड स्तरीय कृषि कार्यालय का निर्माण करवा दिया जाएगा। विधायक नैना चौटाला ने बताया कि एक छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाने से कृषि प्रधान दादरी जिले के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।

Next Post Previous Post

विज्ञापन